आजमगढ़। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जन सुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में विभिन्न विभागों द्वारा स्पेशल क्लोजर की संख्या ज्यादा होने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में यदि किसी अधिकारी द्वारा गलत रिपोर्ट लगाना पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अभियंता विद्युत पंचम के मीटिंग से बिना बताए अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत डिफाल्टर होने पर लालगंज पूर्ति निरीक्षक, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए समय सीमा में प्रकरण का निस्तारण करने का निर्देश दिया।
धारा 34 के निस्तारण मे लापरवाही बरतने पर 3 नायब तहसीलदारों को नोटिस देने का निर्देश दिया। डीएम ने समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार को निर्देशित किया कि मई और जून माह की आईजीआरएस शिकायतों को अभियान चलाकर दो दिन में निस्तारित करें। लेखपाल द्वारा लगाई गई रिपोर्ट का नायब तहसीलदार स्वयं जाकर स्थलीय सत्यापन करें, लेखपाल द्वारा गलत रिपोर्ट लगाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की गलत आख्या नहीं लगनी चाहिए। यदि ऐसा पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रामउदरेज यादव, एसीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय आदि मौजूद रहे।